पिलखुवा। साथी के साथ बाजार से घर जा रहे स्वास्थ्य कर्मी मोहित सोम पर बदमाशों के गोली चला दी। पेट में गोली लगने से कर्मी घायल हो गया, जबकि उसके साथी से भाग कर जान बचाई। घायल कर्मी को उपचार के लिए सरस्वती मेडिकल कॉलेज के अस्पताल मं भर्ती कराया गया है, जहां पर उसकी हालत चिंताजनक बनी है। पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए हाईवे एवं दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज खंगाल रही है।
मोहल्ला न्यू आर्य नगर निवासी मोहित सोम सरस्वती मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की फार्मेसी विभाग में नौकरी करता है। रविवार की रात करीब साढ़े दस बजे वह अपने साथी राकेश के साथ बाजार से घर जा रहा था। नगर पालिका कैंपस के सामने हाईवे किनारे स्थित मॉडल शॉप के पास गलत दिशा से ऑटो में सवार युवक ने मोहित और राकेश को पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। पेट में गोली लगने से मोहित सड़क पर गिर गया, जबकि राकेश ने भाग कर जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावर ने तीन राउंड गोली चलाई। गोली की आवाज सुनकर राहगीरों को अपनी ओर आता देख आरोपी भाग गया। सीओ पिलखुवा जितेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि थाने में अभी तक किसी के द्वारा तहरीर नहीं दी गई है, तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस घटना स्थल के आसपास एवं हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।