पिलखुवा। क्षेत्र के गांव डूहरी के जंगल में हाईटेंशन का तार टूटकर गिरने से एक दर्जन किसानों की 36 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। दमकल कर्मियों ने जब तक आग पर काबू पाया, तब तक नुकसान हो चुका था।
डूहरी निवासी मदनपाल सिंह के आठ बीघा, दिवाकर सिंह के पांच, अमर तोमर, विकास तोमर, सरला देवी के पांच, अजहर मोहम्मद, मंजूर, अलीमुद्दीन, नईमुद्दीन के दस, राकेश के पांच और महिपाल सिंह के तीन बीघा गेहूं की फसल के ऊपर से बिजली के हाईटेंशन तार गुजर रहे है। किसानों का कहना है कि तारों की हालत जर्जर हो चुकी, कई बार विभाग के अधिकारियों से बदलवाने की गुहार लगाई जा चुकी है। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बुधवार की दोपहर बिजली का तार टूटकर गेहूं की फसल के ऊपर गिर गया, जिससे उसमें निकली चिंगारी से फसल में आग लग गई। पिलखुवा फायर स्टेशन प्रभारी सचिन कुमार बालियान का कहना है कि दो गाड़ी मौके पर भेजकर आग को बुझा दिया गया है। किसानों को भारी क्षति हुई है।