कुचेसर चौपला। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के बछलौता फ्लाईओवर पर शिवा ढाबे के पास खिलौनों से लदे कैंटर में अचानक आग लग गई। इस दौरान चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। आग से कैंटर में लदे खिलौने जलकर राख हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुछ खिलौनों को जलने से बचा लिया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने कुछ देर बाद यातायात सुचारू कराया।
कन्नौज के छिबरामऊ के गांव अलीपुर निवासी चालक सुमित सोमवार की रात गाजियाबाद से अपनी कैंटर में खिलौने लादकर मुरादाबाद जा रहा था। देर रात हाईवे 9 बछलौता फ्लाईओवर स्थित शिवा ढाबे के पास पहुंचने पर उसकी कैंटर में अचानक आग लग गई।
कैंटर में धुंआ निकलता देख उसने किसी तरह कैंटर से कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने कैंटर को अपनी चपेट में ले लिया। कैंटर में आग लगने से हाईवे पर अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया और हाईवे के एक तरफ वाहनों को लंबा जाम लग गया। चालक ने कैंटर में आग लगने की सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी।
सूचना पर थाना प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कैंटर में रखे कुछ खिलौनों को उन्होंने सुरक्षित बचा लिया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान हाईवे के एक तरफ वाहनों का लंबा जाम लग गया। पुलिस ने कुछ देर बाद यहां यातायात सुचारू कराया। आग से कैंटर में रखे अधिकतर खिलौने जलकर राख हो गए।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि आग से कैंटर में रखे अधिकतर खिलौने जलकर राख हो गए थे। पुलिस टीम ने कुछ खिलौनों को जलने से बचाया है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
-