ब्रजघाट। गंगानगरी में शनिवार की सुबह मुख्य बाजार स्थित दुकान में बिजली के तारों की चिंगारी से आग लग गई। कड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने आग पर काबू पाया। लेकिन, तब तक दुकान में रखा सामान जल चुका था।
विज्ञापन
गंगानगरी निवासी प्रवीण पालिका की दुकानों में मालाएं, बच्चों के खिलौने, पूजा सामग्री और प्रसाद बेचने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार की सुबह वह दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान दुकान के ऊपर से होकर गुजर रही 11 हजार की बिजली की लाइन के तार आपस में टकरा गए। इससे निकली चिंगारी से दुकान में रखे सामान में आग लग गई। आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन प्लास्टिक के खिलौने, सजावटी सामान, प्रसाद समेत हजारों रुपये कीमत का सामान जल गया। कोतवाली पुलिस का कहना है कि इस बारे में कोई सूचना नहीं मिली है।