हापुड़। गांव बनखंडा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में मंदिर के पास शिक्षकों ने बारिश में खराब हुआ करीब 30 किलोग्राम गेहूं और चावल जमीन में दबा दिया। इसमें दुर्गंध उठने पर कुछ युवकों ने खोदाई की तो मामला सामने आया। शनिवार देर रात तक बीएसए कार्यालय की टीम ने ग्रामीणों के बयान दर्ज किए।
दरअसल, बनखंडा के उच्च प्राथमिक विद्यालय प्रांगण में ही मंदिर है। प्रधानाध्यापक विनोद कुमार के अनुसार बारिश में करीब 30 किलोग्राम गेहूं और चावल सील गया था। हाल ही में स्वच्छता अभियान के तहत स्कूल में साफ सफाई का काम हुआ। जो गेहूं और चावल खराब था उसे भी सफाई अभियान के दौरान उठाकर जमीन में दबा दिया।
हालांकि यह सब नियम के विरुद्ध था, लेकिन शिक्षकों ने बताया कि यदि भीगा राशन बाहर डालते तो पशु खाकर बीमार पड़ सकते थे। लेकिन मामला बच्चों के मिड डे मील से जुड़ा है। इसलिए एमडीएम का राशन दबा दिए जाने की सूचना पलभर में गांव और प्रशासन में फैल गई। शाम को खंड शिक्षा अधिकारी देशराज वत्स टीम के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से वार्ता की और बयान लिए। बहरहाल, इस मामले में विद्यालय को नोटिस जारी कर, जवाब तलब भी होगा।
कोट -
स्वच्छता अभियान के दौरान बारिश की नमी से खराब करीब 30 किलो गेहूं, चावल दबाए जाने की जांच शुरू की गई है। ग्रामीणों ने भी बताया कि स्वच्छता अभियान के दौरान खराब राशन का निस्तारण किया गया है। बाहर डालने से पशु बीमार पड़ सकते थे। बयान ले लिए गए हैं, आगामी कार्रवाई जल्द होगी।देशराज वत्स, खंड शिक्षा अधिकारी।