धौलाना। थाना क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र यूपीएसआईडीसी के फेज वन में संचालित राजश्री रेफीकान कंपनी के गोदाम में सोमवार की सुबह अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान कंपनी का स्ट्राटेक्चर, फर्नीचर व अन्य सामान जलकर राख हो गया। दमकल की नौ गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
कंपनी संचालिका अनामिका शर्मा ने बताया कि उनकी कंपनी में प्लास्टिक सीट बनाने का कार्य होता था। पति के देहांत के बाद से ही कंपनी बंद चल रही थी। सोमवार सुबह कंपनी में आग लगने की उन्हें सूचना मिली। उन्होंने सूचना दमकल विभाग को दी। कुछ देर बाद आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। कंपनी से धुआं निकलता देख आसपास की फैक्टरियों में काम करने वाले कर्मचारी एकत्र हो गए। थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार पुलिस बल के साथ कंपनी में पहुंचे। दमकल कर्मियों ने नौ गाडि़यों की मदद से करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पिलखुवा से तीन, हापुड़ से तीन और गाजियाबाद से तीन दमकल की गाड़ियों शामिल थीं। पिलखुवा के दमकल विभाग के प्रभारी सचिन बालियान ने बताया कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगना प्रतीत हो रहा है। आग से हुए नुकसान की जांच की जा रही है।
-