गढ़मुक्तेश्वर। नगर के मीरा रेती चौक पर शनिवार देर रात एक अंग्रेजी शराब की दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर दुकान में रखा फर्नीचर, इन्वर्टर बैटरी, नकदी और शराब जलकर नष्ट हो गई। गनीमत रही कि समय रहते दमकल विभाग और पुलिस ने आग पर काबू पा लिया, जिससे आग आसपास की दुकानों तक नहीं फैल सकी।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि शनिवार देर रात पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान जैसे ही पुलिस टीम मीरा रेती चौक पर पहुंची तो वहां स्थित नीरज गोयल की अंग्रेजी शराब की दुकान से धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति को भांपते हुए गश्त में मौजूद सिपाही सचिन चौहान ने तुरंत फायर ब्रिगेड और दुकान स्वामी को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण दुकान में लगी इन्वर्टर बैटरी का फटना बताया जा रहा है। आग से दुकान में रखा फर्नीचर, बैटरी सहित अन्य सामान पूरी तरह जल गया, जबकि गत्ते में रखी करीब दो पेटी शराब भी आग की भेंट चढ़ गई। दुकान मालिक नीरज गोयल ने बताया कि काउंटर में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये नकद भी आग की चपेट में आकर जल गए, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।