पिलखुवा। नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव खेडा निवासी जयवीर सिंह ने अपनी बेटी अदिति की आत्महत्या के मामले में सहारनपुर और मेरठ के तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया गया कि किसी पारिवारिक कारण से अदिति तनाव में चल रही थी।
पिता ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि अदिति की शादी करीब पांच वर्ष पहले दीपक निवासी रसूलपुर, सहारनपुर से हुई थी। शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। शादी के कुछ समय बाद से ही अपने पिता के घर रह रही थी। तीन जुलाई को अदिति पिलखुवा आई थी और इसके बाद घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने चार जुलाई को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। आठ जुलाई को जानकारी मिली कि अदिति ने दौराला पुल से कूदकर आत्महत्या कर ली है।
पिता का आरोप है कि उनकी बेटी को आर्यन निवासी गांव सिमलाना सहारनपुर, मामराज और उसकी पत्नी लक्ष्मी निवासी गांव सलावा सरधना मेरठ लगातार परेशान कर रहे थे। इन्हीं की प्रताड़ना से तंग आकर अदिति ने जान दी। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसके आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
.