हापुड़। बिजनेस प्लान और रिवैंप योजना में करोड़ों की लागत से मोहल्लों में बिछाई एबीसी वायर में गर्म लोहे की रोड, कील और पेचकस डालकर बिजली चोरी की जा रही है। बुलंदशहर रोड के मोहल्लों में टीम ने ऐसे 16 उपभोक्ताओं को पकड़ा है। जबकि कई कटिया उतारने में सफल हो गए। एक ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन पर भी बिजली चोरी मिली है।
रामपुर रोड बिजलीघर से जुड़े मोहल्ला कोटला मेवतियान, नवीकरीम, रफीकनगर में लाइनलॉस 30 फीसदी से ज्यादा है। इन मोहल्लों में हाल ही में नए एबीसी तार डाले गए हैं। फिर भी बिजली की चोरी कम नहीं हुई। मंगलवार रात में एसडीओ प्रथम देवेंद्र कुमार ने टीम के साथ इन मोहल्लों में छापा मारा।
बिजली चोरी के अजीब कारनामे देख टीम भी सकते में आ गई। दरअसल, लोगों ने अपने घर के बाहर से गुजर रही एबीसी लाइन में लोहे की रोड गर्म कर घुसाई हुई थी, कहीं कील गाड़कर चोरी हो रही थी तो कहीं तार काटकर उसमें पेचकस घुसाकर चोरी की जा रही थी। इन मोहल्लों में सबसे अधिक लीड जलने के मामले सामने आ रहे हैं। जांच में पता चला कि जिस तरह कटिया डालकर चोरी हो रही है, चिंगारी निकलने से तारों में आग लग रही है।
एसडीओ ने बताया कि ईदगाह रोड पर खालिद के नाम कनेक्शन था, दो किलोवाट के कनेक्शन पर ई रिक्शा चार्जिंग स्टेशन चलाया जा रहा था। यहां भी बिजली की चोरी हो रही थी, मीटर नो डिस्प्ले था। मीटर सील करने की आख्या भी भेजी गई। मौके पर 15 से अधिक ई रिक्शाएं मिलीं। इसके साथ ही एबीसी वायर में कील, लोहे की रोड, पेचकस से चोरी के मामले में 16 अन्य लोगों के खिलाफ संबंधित थाने में तहरीर दी गई है। चेकिंग रिपोर्ट भरकर जुर्माना भी लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रोजाना होगी जांच, वसूला जाएगा जुर्माना-
एबीसी केबिल को काटकर, कील गाड़कर बिजली चोरी की जा रही है। इससे लीड में आग लग रही है, ऐसे उपभोक्ताओं पर कार्रवाई के साथ, जुर्माना भी लगेगा। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।देवेंद्र कुमार, एसडीओ प्रथम।