हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत मोदीनगर रोड पर गांव बदनाैली के पास एक फैक्टरी और घर से हैवेल्स कंपनी के नाम से बड़ी मात्रा में नकली कैपेसिटर बरामद किए गए। इस मामले में कंपनी के अधिकारी ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
कंपनी के अधिकारी राजू सक्सेना ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि शुक्रवार को वह कंपनी के अन्य कर्मचारियों के साथ मोदीनगर रोड स्थित बांके बिहारी टूरिस्ट ढाबे पर पहुंचे थे। ढाबे के भूतल पर हैवेल्स कंपनी का नकली सामान बनाने व बेचे जाने की सूचना उन्हें मिली थी।
इस दाैरान एक कमरे में कंपनी का नकली सामान बिखरा पड़ा था। कंपनी के कुछ कैपेसिटर बने हुए उन्हें प्राप्त हुए। यहां मौजूद एक कर्मचारी ने बताया कि इस कंपनी का नाम जेकेएस एंटरप्राइजेज फर्म है। जिसका संचालन सचिन, उसका भाई कपिल निवासी गांव बदनौली व उसके जीजा जयवीर सिंह कर रहे थे। हालांकि कल तीनों पुलिस की पकड़ में नहीं आए।
यहां सचिन के घर पर माल होने की सूचना पर उन्होंने सचिन के घर पर छापा मारा। जहां से बड़ी मात्रा में नकली कैपेसिटर बरामद किए गए। जिनकी कीमत करीब दस लाख रुपये बताई जा रही है।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि कंपनी अधिकारी की तहरीर पर सचिन, कपिल और जयवीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।