पिलखुवा। गाजियाबाद के कवि नगर निवासी मोहित गर्ग ने ग्राम छिजारसी कुलीचनगर के प्रधान मुनेंद्र राठी के खिलाफ रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
मोहित गर्ग ने बताया कि उसने गांव खेडा में 830 वर्गगज का प्लॉट खरीदा है। काम शुरू करने पर ग्राम छिजारसी कुलीचनगर के प्रधान मुनेंद्र राठी ने निर्माण रुकवा दिया और 12 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। दर्ज मुकदमे के अनुसार प्रधान ने धमकी दी कि तहसीलदार से लिखवाकर लाओ कि यह प्लॉट तुम्हारा है, वरना जान से मार देंगे। प्रार्थी ने थाना दिवस में शिकायत दी, जिस पर एसडीएम ने आदेश दिया कि यह उसकी निजी संपत्ति है और कोई अवैध हस्तक्षेप न किया जाए। इसके बावजूद प्रधान ने रंगदारी मांगी। 13 जुलाई को प्रार्थी ने दोबारा निर्माण शुरू किया, तो प्रधान अपने साथियों के साथ आया, मजदूरों को भगा दिया। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि मोहित गर्ग की तहरीर पर प्रधान मुनेंद्र राठी के खिलाफ रंगदारी मांगने, धमकी देने और निर्माण में बाधा डालने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।