गढ़मुक्तेश्वर। कार्तिक पूर्णिमा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के बीच कुछ युवा पशुओं की दौड़ लगाकर बेजुबानों की जान की बाजी लगा देते हैं। ऐसे में आम श्रद्धालुओं के साथ ही स्थानीय लोगों को भी काफी परेशानी होती है। इस बार पुलिस ने पशु दौड़ रोकने के लिए सख्त कदम उठाया है। पुलिस ने अब सोशल मीडिया के माध्यम से पशु दौड़ को बढ़ावा देने वाले 18 यू-ट्यूबर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
गढ़ नगर चौकी प्रभारी द्विजेंद्र सिंह ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि कार्तिक पूर्णिमा मेला अवधि में लाखों की संख्या में श्रद्धालु सपरिवार अपने-अपने संसाधनों से आते हैं। भैंसा-बुग्गी से आने बाले कुछ अति उत्साही श्रद्धालुओं द्वारा रास्ते में शर्त लगाकर भैंसा दौड़ कराई जाती है। इसमें उन्हें क्रूरता से भगाया जाता है। इसी प्रतिस्पर्धा में हार-जीत के कारण आपसी मनमुटाव होने से अप्रिय घटना होने की संभावना बनी रहती है। वहीं, रास्तों पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहता है। इस बार भी मेला शुरू होने से पहले ही पशु दौड़ की रिहर्सल शुरू कर दी गई है। वहीं, कुछ लोगों ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म यू-ट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि पर अपने-अपने चैनलों पर ब्लॉग और वीडियो प्रसारित करते हुए भैंसा-दौड़ कराने की बात की है। इस मामले में 18 यू-ट्यूबर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि 18 यू-ट्यूबर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
इनके नाम आए हैं प्रकाश में
चौकी प्रभारी ने बताया कि जांच के दौरान जानकारी मिली है कि सचिन नयागांव, हनी, दीपक शेरपुर, अंकुश, अखिल कालखड़े, विष्णु सिवाच रजपुरा, विशाल चौधरी, गोलू सलेमपुर, प्रवीण गिरि, नोटी उगेती, निक्कू कश्यप, अंश जगेठी, दीप, चिकू फौजी हस्तिनापुर, लाला मंसूरपुर, उदित राणा, श्लोक खानपुर, कार्तिक गुर्जर शामिल हैं।