हापुड़। धौलाना क्षेत्र में धार्मिक भावनाओें को ठेस पहुंचाने वाली फ्लैक्स लगाने के मामले में जिला पंचायत से अधिकृत फर्म ने थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। साथ ही इस मामले में रविवार को होर्डिंग्स ठेकेदारों के साथ बैठक कर इस तरह के फ्लैक्स लगाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
रविवार को हाईवे 9 स्थित होटल में भविष्य एसोसिएट ने विज्ञापन एजेंसियों के संचालकों के साथ बैठक की। इसमें भविष्य एसोसिएट के प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह ने बताया कि जिला पंचायत से उनकी फर्म को विज्ञापन शुल्क वसूली की जिम्मेदारी मिली है। अगर कोई धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और भ्रामक विज्ञापन की फ्लैक्स अपने यूनिपोल/होर्डिंग्स पर लगाता है तो उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। यह महत्वपूर्ण बैठक इसलिए ही बुलाई गई है। उन्होंने कहा कि अगर कोई बाहरी व्यक्ति किसी भी विज्ञापन एजेंसी के यूनिपोल/होर्डिंग्स पर बिना अनुमति के फ्लैक्स, पोस्टर या बोर्ड लगाता है तो उसे हटवाकर पुलिस और प्रशासन को इसकी तुरंत सूचना दें। धौलाना क्षेत्र में इस तरह के दो मामले सामने आए हैं, उनके खिलाफ संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए हीरालाल जैनवाल ने कहा कि जो भी विज्ञापन एजेंसी संचालक बैठक में नहीं आए हैं, उन्हें भी इसके लिए जागरूक किया जाएगा। वह सभी पुलिस और प्रशासन का सहयोग करेंगे। अगर कोई बाहरी व्यक्ति किसी के यूनिपोल/होर्डिंग्स पर इस तरह की फ्लैक्स लगाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान विज्ञापन एजेंसी संचालकों ने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का संकल्प लिया। बैठक में कृष्ण कुमार, रोहन, अभय कुमार, चंचल वरुण, संदीप, विशेष, बबलू त्यागी आदि रहे।