समाना गांव की महिलाओं ने बृहस्पतिवार को नगर पालिका परिषद परिसर में एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन किया।
महिलाओं ने मामले में अपर जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायती पत्र देकर फाइनेंस कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। महिलाओं ने बताया कि फाइनेंस कंपनियों ने गांव में महिलाओं का ग्रुप बनाकर लाखों रुपये का लोन बांट रखा है।
कंपनी उनसे हर सप्ताह किश्त के रूप में ब्याज लेती हैं, उसके बाद भी कंपनी के कर्मचारी उनके साथ अभद्रता करते हैं। उन्होंने बताया कि नोटबंदी के बाद कंपनी ने उनसे पुराने नोट नहीं लिए और उन पर नए नोट लेने का दवाब बना रहे हैं।
जबकि, बैंक से उन्हें कैश नहीं मिल पा रहा है। इस संबंध में वह पहले भी शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। महिलाओं ने बताया कि अब फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी लोन का सारा पैसा नए नोटो में एक साथ मांग रहे हैं
और पैसा न देने पर उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई का भय दिखा रहे हैं। महिलाओं ने अपर जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। इस दौरान पिंकी, ममता, लता, सुमन, कमलेश, आशा, मंजू, सरोज, बाला, सविता, शशि, पूनम मौजूद रहीं।