हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मजीदपुरा में भैंस की टक्कर लगने पर दो पक्षों में मारपीट के बाद जमकर पथराव हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों की चार महिलाओं समेत 12 लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मोहल्ला निवासी साहिल रविवार की शाम लगभग सात बजे अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि मोहल्ले में पहुंचने पर मोहल्ला निवासी इदरीश की भैंस ने साहिल में टक्कर मार दी। इस पर साहिल की यहां खड़े कुछ युवकों से कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। मारपीट की बात दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। दोनों पक्षो में मारपीट के बाद जमकर पथराव हुआ। बताया जा रहा है पथराव में दोनों पक्षों की चार महिला समेत 12 लोग घायल हुए हैं। पथराव की सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरि कुमार, जदीद चौकी प्रभारी प्रवीण चौधरी पुलिस के बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को गढ़ रोड स्थित सीएचसी में भर्ती कराया। जबकि पुलिस को देख दोनों पक्ष के लोग वहां से भाग गए। पुलिस ने कुछ लोगों को पकड़कर हिरासत में ले लिया। घायलों में साहिल, अलीमुद्दीन, फिरोज, सलमान, सलीमुद्दीन, हुस्नबानो, इदरीश, यूसुफ, जानू, आशिया, नाजमां व छोटे खां शामिल हैं। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि मारपीट व पथराव की सूचना प्राप्त हुई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।