हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोदीनगर रोड तिराहे पर छोले भटूरे खाने के बाद रुपये मांगने पर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। मारपीट में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार मोदीनगर रोड तिराहे के पास युवक छोले भटूरे का ठेला लगाता है। शनिवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे तीन युवक ठेले पर छोले भटूरे खाने के लिए पहुंचे। इस दौरान तीनों युवकों ने तीन प्लेट छोले भटूरे खाने के लिए मांगे। बताया जा रहा है कि ठेला संचालक व छोले भटूरे खाने वाले युवक सभी मोदीनगर रोड के आसपास के ही रहने वाले हैं। भटूरे खाने के बाद रुपये के लेनदेन को लेकर ठेला संचालक व युवकों में कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। झगड़े की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में ले लिया। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।