हाफिजपुर। थाना क्षेत्र के गांव हृदयपुर निवासी शादाब से एक व्यक्ति ने पहले आधार कार्ड वेरिफिकेशन के लिए ओटीपी पूछा और बाद में उसके खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए। युवक की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पीड़ित शादाब ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसका इंडियन बैंक गुलावठी में खाता है और उनका मोबाइल नंबर खाते से लिंक है। 21 दिसंबर को उसने पेटीएम पर अपने बैलेंस की जांच की थी। उसके खाते में करीब 50 हजार रुपये कम पाए गए। इसके बाद वह बैंक में पहुंचा और अधिकारियों से इसकी जानकारी की। बैंक से उसे रमेश कुमार ने अपने मोबाइल नंबर से उसकी बिना मर्जी के पेटीएम द्वारा एक-एक रुपया तीन बार व दस-दस हजार रुपये पांच बार में उसके खाते से निकालने की जानकारी दी।
इसके बाद उसने बैंक अधिकारियों को बताया कि 21 दिसंबर को उसके पास एक व्यक्ति का फोन आया था और व्यक्ति ने आधार कार्ड वेरिफिकेशन के लिए उससे ओटीपी पूछा। उसने व्यक्ति को ओटीपी बता दिया था। जिसके बाद उसके पेटीएम से व्यक्ति ने 50 हजार रुपये निकाल लिए। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि युवक की तहरीर पर रमेश कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। व्यक्ति के मोबाइल नंबर की जांच कराई जा रही है। जल्द व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।