धौलाना। क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय देहरा के शिक्षकों की लापरवाही का मामला प्रकाश में आया है। स्कूल की छुट्टी होने के बाद कक्षा पांच की एक छात्रा को कक्षा में बंद कर शिक्षक स्कूल का ताला लगाकर निकल गए। करीब पांच घंटे छात्रा स्कूल के अंदर बंद रही। मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से की गई है।
देहरा निवासी यूनुस की बेटी अकशा गांव के प्राथमिक स्कूल में कक्षा पांच की छात्रा है। छात्रा की मां ने बताया कि वह बुधवार को कक्षा में सो गई थी। स्टाफ ने बच्चों की उपस्थिति का सत्यापन किए बिना स्कूल बंद कर दिया। बच्ची करीब पांच घंटे तक स्कूल में बंद रही। शाम करीब सात बजे बच्ची की आवाज सुनकर एक बच्चे ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद बच्ची को स्कूल से बाहर निकाला गया। बीएसए रितु तोमर का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं है, जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।