हापुड़। ठंड बढ़ने के साथ वायरल, सर्दी-जुकाम व रक्तचाप के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। जिला अस्पताल और सीएचसी में इन दिनों ऐसे मरीजों की भीड़ है। शुक्रवार को 1394 मरीजों ने पंजीयन कराय।, इसमें करीब 210 लोग बुखार से पीडि़त थे। चिकित्सकों के अनुसार रोजाना 200 से ज्यादा मरीज बुखार व रक्तचाप के आ रहे हैं।
सीएचसी के फिजिशियन डॉ.अशरफ अली ने बताया कि ठंड का सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। इससे वायरल तेजी से बढ़ रहा है। दिन में धूप और रात में बढ़ती ठंड से ओपीडी में रोजाना 180 से 210 मरीज आ रहे हैं। इसमें अधिकतर मरीज सर्दी, खांसी और बुखार के मरीज हैं।
उच्च रक्तचाप (बीपी) के भी 50 से अधिक मरीज आ रहे हैं। वायरल बुखार के अधिकतर मरीज बच्चे और बुजुर्ग हैं। तेज बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द, गले में खराश, खांसी और जुकाम इसके सामान्य लक्षण हैं। उन्होंने बताया कि ठंडे मौसम में रक्त वाहिकाएं सिकुड़ जाती हैं, इससे रक्त को प्रवाहित करने के लिए अधिक दबाव पड़ता है। उच्च रक्तचाप के मरीजों को अपनी दवाएं नियमित रूप से लेनी चाहिए। गर्म कपड़े पहनें, सिर व कान ढककर रखें। नियमित रूप से व्यायाम करें। नमक और चीनी का सेवन कम करें।