अधिवक्ता हरीश कुमार ने बताया कि 25 अप्रैल को उनकी बहन की शादी बुलंदशहर रोड स्थित ग्रीन वैली मैरिज होम में थी। जिला गाजियाबाद के मोहल्ला विजयनगर से उनकी बहन की बरात आई थी। इससे पहले सगाई में लड़के पक्ष ने उनसे दहेज में कार व पांच लाख रुपये की अतिरिक्त मांग भी की। उनके रिश्तेदारों के समझाने पर लड़के पक्ष के लोग बरात लाने को तैयार भी हो गए।
आरोप है कि चढ़त के बाद स्टेज पर लड़का शराब के नशे में बेहोशी का नाटक करने लगा और उसके परिजनों ने दहेज की मांग कर स्टेज पर फायरिंग भी की। पुलिस मौके पर पहुंची और लड़के पक्ष के चार व्यक्तियों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। पुलिस ने पूछताछ के बाद चारों को कोतवाली से ही छोड़ दिया। एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि स्थानीय पुलिस को मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।