हापुड़। ऊर्जा निगम की निदेशक की चेतावनी के बावजूद रविवार को शहर के 22 हजार से अधिक परिवारों ने करीब दो घंटे तक बिजली संकट को झेला। 220 केवी बिजलीघर में जंपर फाल्ट के कारण दिल्ली रोड बिजलीघर बंद रहा। इसके अलावा अन्य कई बिजलीघरों से जुड़े इलाकों में भी लोगों ने बिजली की समस्या बताई।
जिले में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने में 200 करोड़ से ज्यादा खर्च हुए हैं। लेकिन व्यवस्था में खास सुधार होता नहीं दिख रहा है। पिछले दो महीनों में 220 केवी बिजलीघर से तीन से अधिक बार बिजलीघरों की सप्लाई बंद हुई है। रविवार को दोपहर करीब ढाई बजे फिर से दिल्ली रोड बिजलीघर को आ रही लाइन के जंपर में फाल्ट हुआ। इस कारण बिजलीघर से आपूर्ति रोकी गई, इससे जुड़े आधे शहर की सप्लाई भी बाधित हो गई। दो घंटे तक लोग गर्मी और पानी किल्लत की समस्या से जूझते रहे। दिलचस्प बात यह है कि ऊर्जा निगम की एमडी ईशा दुहन ने शनिवार को हापुड़ में बैठक की थी।
इस दौरान हापुड़ में बिजली व्यवस्था पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए, अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए थे। लेकिन बैठक में जी हजूरी के बाद फिर से व्यवस्था उसी ढर्रे पर चली। यहां बिजली व्यवस्था ही नहीं राजस्व वसूली की स्थिति भी बेहद खराब है। कुल मिलाकर शाम साढ़े चार बजे सप्लाई चालू हो सकी।
बिजलीघरों की जर्जरता भी बन सकती है हादसे का कारण
हापुड़ के बिजलीघर भी बेहद जर्जर अवस्था में हैं। दिल्ली रोड बिजलीघर में मशीनों के ऊपर भी पानी टपकता है। पिछले दिनों अधिकारियों के निरीक्षण के बावजूद कुछ नहीं किया गया। जबकि इस बिजलीघर से शहर के अधिकांश क्षेत्र को सप्लाई मिलती है। आग पर काबू पाने के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।
इन मोहल्लों में रहा बिजली संकट
टीचर कॉलोनी, राजीव विहार, सिद्धार्थनगर, लज्जापुरी, बैंक कॉलोनी, चमरी, अर्जुननगर, अपनाघर कॉलोनी, विवेक विहार, कलक्टर गंज, रामगंज, श्रीनगर, राजेंद्र नगर, पटेलनगर, आर्यनगर, जवाहर गंज, त्रिवेणीगंज, आर्यनगर, मजीदपुरा, आवास विकास, मोती कॉलोनी, नवाजीपुरा, इंद्रगढ़ी, महताब गढ़ी, फूलगढ़ी, तगासराय, छज्जुपुरा, राजीव विहार, गोपीपुरा, सराय बसारत अली, रियाजुपुरा, कोठीगेट, खाई, नूरबफान गंज, माता मोहल्ला, कसेरठ बाजार, रफीकनगर, राजीव विहार, त्रिलोकीपुरम, मजीदपुरा, अलीनगर, कोटला मेवतियान, दिल्ली गेट, गद्दा पाड़ा, जगदीशपुरम, पीरबाउद्दीन, किशनपुरा, शंभुपुरा, आलोक, शांति विहार, दशमेशनगर, इंद्रानगर, कैलशन नगर, अशोक कॉलोनी, अलका कॉलोनी, गणेशपुरा, मधुबन कॉलोनी, इंद्रानगर, फ्रीगंज रोड, गंगापुरा, ज्ञानलोक।
फाल्ट के कारण बनी परेशानी
फाल्ट के कारण दिल्ली रोड स्थित बिजलीघर की सप्लाई बाधित हुई थी। फाल्ट को दुरस्त कर, सप्लाई सुचारू करा दी गई है।-देवेश, उपखंड अधिकारी प्रथम।