आवारा कुत्तों के हमले से बचने की कोशिश के दौरान संतुलन बिगड़ने से स्कूटी सड़क पर पलट गई, जिस पर सवार दिल्ली के पिता-पुत्र बुरी तरह घायल हो गए।
बता दें कि गढ़-ब्रजघाट गंगानगरी समेत आसपास के गांवों में भी बंदरों के साथ ही सड़कों पर मौत बनकर घूमने वाले आवारा कुत्तों का आतंक दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है, जिससे आए दिन घटना होने से महिला और बच्चों समेत हर कोई भयभीत हो रहा है।
परंतु इसके बाद भी आवारा कुत्ते और बंदरों के आतंक पर अंकुश लगाने को कोई भी मुहिम चल पानी संभव नहीं हो रही है। उत्तम नगर दिल्ली निवासी राजेश अपने बेटे सिद्धार्थ के साथ जनपद बुलंदशहर के गांव भैंसौड़ा में रिश्तेदार की बेटी की शादी में शामिल होकर वापिस लौट रहा था,
तो मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव कटीरा के पास गढ़-स्याना मार्ग पर मंडरा रहे आवारा कुत्ते पीछे दौड़ पड़े। जिससे हड़बड़ाहट में संतुलन बिगड़ने से स्कूटी सड़क पर पलट गई और उस पर सवार पिता-पुत्र घायल हो गए, जिन्हें राहगीरों ने स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया है।