संवाद न्यूज एजेंसी
सिंभावली। गांव न्याजपुर खैय्या के निकट चल रहे गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य में मिट्टी भराव के लिए ठेकेदार पर मानक के अनुसार काम न करने का आरोप लगाते हुए किसानों ने हंगामा किया। किसानों ने मिट्टी भरकर ले जा रहे डंपर रोक दिए। किसानों ने धरना देते हुए थाने में भी तहरीर दी है।
सोमवार की शाम भाकियू टिकैत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुशल पाल आर्य के नेतृत्व में दर्जनों किसान न्याजपुर खैय्या के निकट रजवाहे के पटरी पर एकत्र हो गए। जिन्होंने मिट्टी भरकर ले जा रहे डंपरों को आगे जाने से रोक दिया और हंगामा करना शुरू कर दिया। कुशलपाल आर्य ने कहा कि ठेकेदार समेत डंपर चालक मिट्टी उठान को लेकर एक भी मानक पूरा नहीं कर रहे, वहीं एनजीटी के आदेशों की भी अवहेलना की जा रही है। बिना तिरपाल ढके डंपर मिट्टी भरकर सड़क पर दौड़ रहे हैं। मिट्टी उड़ने से क्षेत्र के किसानों की फसल को नुकसान होने के साथ ही आवागमन में भी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। बार बार शिकायत किए जाने के बाद भी ठेकेदार सुनवाई नहीं कर रहे है। किसानों ने मिट्टी भराव का काम रुकवाते हुए ठेकेदार के खिलाफ थाने में भी तहरीर दी है। उन्होंने कहा कि समस्या का समाधान होने पर ही किसान धरना समाप्त करेंगे। इस मौके पर राकेश कुमार, चंद्रपाल समेत अन्य किसान मौजूद रहे।
एसडीएम साक्षी शर्मा का कहना है कि उन्हें इस बारे में कोई सूचना नहीं मिली है। सूचना मिलने पर किसानों से वार्ता की जाएगी। वहीं ठेकेदार को भी मानक के अनुसार काम करने की हिदायत दी जाएगी।