हापुड़। गिरधरपुर तुमरैल स्थित सहकारी समिति के गोदाम से पिछले दो सप्ताह से यूरिया का वितरण नहीं हो रहा है। इससे आठ गांवों के हजारों किसान परेशान हैं। कई बार शिकायत के बाद भी राहत नहीं मिल रही है। शनिवार को किसानों ने हंगामा कर जल्द से जल्द खाद उपलब्ध कराने की मांग की।
गिरधरपुर तुमरैल समिति का गठन हाल ही में हुआ है। इससे पूठा हुसनैपुर, रामपुर, गिरधरपुर तुमरैल, रघुनाथपुर, नान समेत आठ गांवों के हजारों किसान जोड़े गए हैं, लेकिन पिछले दो सप्ताह से समिति से यूरिया का वितरण नहीं हो सका है। इन दिनों गेहूं की बोआई का समय चल रहा है। किसान यूरिया खरीदने के लिए समिति पर आते हैं, लेकिन उन्हें मशीन नहीं चलने की बात कहकर वापस भेज दिया जाता है।
शनिवार को बड़ी संख्या में किसान समिति पर पहुंचे। यूरिया नहीं मिलने पर उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। भाकियू लोकहित के तहसील अध्यक्ष संदीप शर्मा ने बताया कि यहां के किसानों को चमरी जाकर यूरिया लेने की सलाह दी जा रही है। जोकि यहां से काफी दूर है। चमरी की सहकारी समिति से इन गांवों के किसानों को हटा भी दिया गया है।
उन्होंने बताया कि गेहूं की बोआई का समय चल रहा है। यूरिया नहीं मिलने के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, अन्य सहकारी समितियों पर भी यूरिया के लिए लाइनें लगनी शुरू हो गई हैं। नकद केंद्रों पर आए दिन यूरिया समाप्त हो जाता है। किसानों ने जल्द राहत नहीं दिलाए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर कपिल, देवेंद्र, जय किशन, सुनील, भूपेंद्र, विनोद, सुशील, प्रेम मोहन, सतीश आदि मौजूद रहे।
मशीन में तकनीकी समस्या से बन रही परेशानी-
पीओएस मशीन अपग्रेड हुई हैं, गिरधरपुर तुमरैल के लिए आवंटित मशीन में तकनीकी समस्या है। इसे लखनऊ भेज दिया गया है, संभवत सोमवार से यहां यूरिया का वितरण शुरू हो जाएगा। तब तक इस समिति से जुड़े किसान चमरी की सहकारी समिति से जाकर यूरिया ले सकते हैं। - प्रेमशंकर, एआर कोऑपरेटिव।