गढ़मुक्तेश्वर। तहसील क्षेत्र के गांवों में घरेलू कनेक्शनों पर लो वोल्टेज की सप्लाई हो रही है। जिसको ठीक कराने की मांग को लेकर भाकियू अराजनैतिक कार्यकर्ताओं ने एक्सईएन को ज्ञापन सौंपा। वहीं, जल्द राहत न मिलने पर बिजलीघर का घेराव करने की चेतावनी दी।
संगठन के जिलाध्यक्ष पवन हुण ने बताया कि बहादुरगढ़ क्षेत्र, नानपुर, दत्तियाना, झड़ीना, सिंभावली क्षेत्र के गांवों में घरेलू कनेक्शनों पर विद्युत सप्लाई में दिक्कत हो रही है। दिन में कई बार बिजली सप्लाई प्रभावित होती है। जब बिजली आती भी है, तो लो वोल्टेज के साथ आती है। जिससे घरों में रखे फ्रिज, पंखे, एसी समेत अन्य बिजली के उपकरण सही ढंग से कार्य नहीं कर पाते हैं। जिससे भीषण गर्मी में जीना मुश्किल हो जाता है। दिनेश शर्मा ने बताया कि कई गांवों में ट्रांसफार्मर की क्षमता में वृद्धि नहीं हो पा रही है, जिसके कारण लो वोल्टेज आते हैं। इस संबंध में कई बार विद्युत निगम के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई संज्ञान नहीं ले रहा है। भाकियू कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि जल्द ही ट्रांसफार्मर पर क्षमता वृद्धि नहीं होती है, तो बिजली घर का घेराव किया जाएगा। वहीं एक्सईएन आनंद गौतम ने बताया कि ट्रांसफार्मर के क्षमता वृद्धि के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा हुआ है। इस मौके पर सुरेंद्र चौहान, अनिल हुण, सुमित, संदीप, अभिषेक, विनोद, योगेश, योगेंद्र विनित, रुपराम सिंह, हरेंद्र चौहान, बबली गिरि आदि मौजूद रहे।