धौलाना में किसान को टंकी से उतारने के लिए मनाते एडीएम संदीप कुमार। संवाद
धौलाना। संपूर्ण समाधान दिवस के शनिवार को दौरान समाना गांव निवासी किसान ने पानी की टंकी पर चढ़कर हंगामा किया। किसान की इस हरकत से अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। अधिकारियों की मौजूदगी में करीब 40 मिनट तक हंगामा चलता रहा। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। एडीएम संदीप कुमार व सीओ मुनीश चंद्र ने लाउडस्पीकर के माध्यम से किसान से नीचे उतरने की अपील करते हुए उसकी समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसान टंकी से उतर कर आया।
समाना निवासी लखपत सिंह का कहना था कि तहसील कर्मचारियों की मिली से उसकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की साजिश रची गई।वर्ष 2024 से अपनी 100 गज जमीन को कब्जामुक्त कराने के लिए धौलाना तहसील के चक्कर काट रहा है, लेकिन अब तक उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। उसने पुलिस पर भी उसे लगातार प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए। लखपत सिंह का कहना था कि वह अपनी समस्या को लेकर परेशान है और इसी कारण टंकी पर चढ़ा है।
एडीएम संदीप कुमार ने तत्काल जमीन की नाप का आश्वासन दिया और एसडीएम ऋषि राव के साथ टीम लेकर स्वयं मौके पर पहुंचे। देर शाम तक टीम पैमाइश कर जांच में जुटी रही। वहीं गांव पहुंची टीम के समक्ष किसान लखपत सिंह पत्नी बबीता, बड़ी बेटी कीर्ति, एक वर्षीय रुद्र और आठ वर्षीय दक्ष सहित परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर मौजूद रहे। किसान ने चेतावनी दी कि यदि उसकी जमीन से संबंधित समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह भविष्य में अपने बच्चों के साथ आत्मदाह जैसा कदम उठाने को मजबूर होगा। किसान का यह चौथा प्रयास है जब उसने इस तरह की हरकत की है।