दिल्ली के जैतपुर जा रहा था परिवार
मुरादाबाद के थाना ठाकुरद्वारा के तुमरिया कलां निवासी अकरम शुक्रवार की शाम बाइक पर अपनी पत्नी शबाना (35) चार माह के पुत्र अली हमजा व पांच साल की पुत्री जूबिया नूर के साथ दिल्ली जैतपुर जा रहे थे। अकरम यहां एक टेलर का कार्य करते हैं और कोट पेंट के कारीगर हैं। पुलिस के अनुसार जैसे ही वे नए हाईवे 09 पर बछलौता फ्लाईओवर के पास पहुंचे तो भूसे के ट्रक को बचाने के चक्कर में बाइक पीछे आ रहे दूसरे ट्रक से टकरा गई। जिससे बाइक सड़क पर गिर गई और ट्रक ने पत्नी शबाना और मासूम अली हमजा को कुचल दिया। जबकि पिता पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
अकरम की मामी की हो गई थी मौत
मृतका शबाना के भाई शाने आलम ने बताया कि चार दिन पहले अकरम की मामी गुलजार की मौत हो गई थी, वे भी मुरादाबाद में ही रहती हैं। उनकी मौत की सूचना पर अकरम परिवार के साथ मुरादाबाद आए थे और शुक्रवार को दोपहर बाद करीब तीन बजे यहां से वापस काम पर जाने के लिए निकले थे। दो लोगों की मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोग देर रात हापुड़ पहुंचे। सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घायलों की हालत फिलहाल ठीक है। परिजनों से तहरीर लेकर मामले में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।