हापुड़। कोतवाली नगर क्षेत्र के संजय विहार आवास विकास कॉलोनी से एक युवती के अपहरण की सूचना पर पुलिस में अफरा तफरी मच गई। हालांकि जांच की तो युवती पास में ही एक ट्रैवल एजेंसी के आफिस में नशे की हालत में मिली।
नगर के मोदीनगर रोड पर स्थित मोहल्ले की रहने वाली युवती कुछ दिन पहले अपने घर से निकल गई। इसके बाद वह मेरठ रोड स्थित एक कॉलोनी में रहने वाले व्यक्ति के घर पहुंच गई। रविवार दोपहर युवती के पिता ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी पुत्री का कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया है।
अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच की। इसी दौरान पता चला कि मोहल्ले में ही स्थित एक ट्रैवल एजेंसी के ऑफिस में बैठकर कुछ लोग शराब पी रहे हैं। युवती भी वहीं मौजूद है। पुलिस युवती के साथ सभी को हिरासत में लेकर थाने आ गई। इस दौरान एक शराबी ने चाकू भी मारने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने छीन लिया। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि युवती को परिजनों को सौंप दिया गया है। साथ ही तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।