खैरपुर खैराबाद गांव स्थित फैक्ट्री से निकलने वाला केमिकल भूजल को दूषित कर रहा है। इसके चलते दर्जनों ग्रामीण बुखार की चपेट में है। एक महिला की बीमारी से मौत हो चुकी है। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर फैक्ट्री को बंद कराने की मांग की है।
खैरपुर खैैराबाद गांव में करीब पांच हजार की आबादी है। इन दिनों गांव में बुखार फैला हुआ है। एक महिला वीरवती की बुखार से मौत हो चुकी है, जबकि मूर्ति देवी, विक्रांत, प्रमोद, सुरेंद्र, सौभा, मोनू, सक्को, राजू और मोहन सहित करीब दर्जनों बीमार हैं। रविवार सुबह लोगों ने फैक्ट्री से भूजल दूषित होने का आरोप लगाकर हंगामा किया।
ग्रामीण सूरजपाल, जसपाल, रतिभान सिंह ने बताया कि फैक्ट्री से निकलने वाले केेमिकल युक्त पानी से लोगों की सेहत बिगड़ रही है। ग्रामीणों ने फैक्ट्री के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हंगामा करने में दिनेश, नवीन, श्रीपाल, दीपक, अंकुर, योगेश, विनोद, राजपाल, छिददा और नरेंद्र शामिल रहे। डिप्टी सीएमओ डॉ प्रवीण शर्मा ने बताया कि मामला फिलहाल संज्ञान में नहीं है। जल्द टीम भेजकर मरीजों की जांच कराई जाएगी। उधर एसडीएम धौलाना एसपी सिंह ने मामला संज्ञान में नहीं है। ग्रामीणों ने शिकायत भी नहीं की गई है। जानकारी कर मामले की जांच कराएंगे। ग्रामीणों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।