चुनाव आयोग के निर्देशों पर विभिन्न तरीकों से मतदाताओं को जागरूक करने के प्रयास किये जा रहे हैं। अब बुधवार को जिले में मतदाता एक्सप्रेस बस पहुंच रही है। जिसमें मौजूद टीम नुक्कड़ नाटक व विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम प्रस्तुत कर जगह जगह मतदाताओं को जागरूक करने का प्रयास करेगी।
चुनाव आयोग मतदाता प्रतिशत बढ़ाने के लिए नए प्रयोग कर रहा है। स्वीप के तहत कार्यक्रम और मतदाता जागरूकता रैलियों के माध्यम से लोगों को पहले को जागरूक करने का प्रयास पहले से ही जारी है। अब एक फरवरी से प्रदेश के जिलों में मतदाता जागरूकता एक्सप्रेस चलाने की शुरूआत की गयी है।
प्रदेश भर में परिवहन विभाग की तीन बसों को मतदाता जागरूकता एक्सप्रेस के लिए प्रयोग किया गया है जो एक फरवरी से 26 फरवरी तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में एक एक दिन गुजारेंगी।
हापुड़ में पहले चरण में चुनाव होने के कारण एक फरवरी को ही मतदाता जागरूकता एक्सप्रेस बस यहां पहुंच रही है। एक्सप्रेस विशेषकर, युवाओं, महिलाओं और दिव्यांगों को जागरूक करने के लिए स्कूल, कालेजों और सार्वजनिक स्थानों पर घूमेगी।
इस दौरान गीत संगीत, क्विज व नाटक आदि के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
उप निर्वाचन अधिकारी रजनीश राय ने बताया कि जागरूकता एक्सप्रेस का जिले में आगमन पर भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके दूसरे जिले में प्रस्थान से पहले किसी वरिष्ठ नागरिक द्वारा फ्लैग आफ भी कराया जाएगा।