विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी है। बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने ईवीएम की पूर्ति व आचार संहिता के पालन कराने के लिए अधिकारियों को ठोस निर्देश दिए।
साथ ही बैठक में अनुपस्थित रहने वाले दो अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की। वहीं, डीएम ने चुनाव तक सभी सरकारी कार्यालय खोले जाने के निर्देश दिए है। इस दौरान किसी भी प्रकार का कोई अवकाश नहीं रहेगा।
गाजियाबाद जिले में पड़ने वाले धौलाना विधानसभा सीट के 103 बूथों पर ईवीएम के लिए संशय होने पर जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने संबंधित अधिकारियों को गाजियाबाद प्रशासन से ईवीएम के संबंध में जानकारी लेने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गाजियाबाद प्रशासन यहां मशीनों की व्यवस्था नहीं करता है तो शासन को तुरंत रिक्वायरमेंट भेजी जाए।
वहीं, बैठक में अनुपस्थित रहे जिला प्रौद्योगिकी विज्ञान अधिकारी विनीत गर्ग व जिला विद्यालय निरीक्षक बीके शर्मा के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश दिए। बैठक में सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।