अठसैनी गांव के पास हाईवे किनारे स्थित एक फार्म हाउस में आयोजित भाईचारा सम्मेलन में बसपा के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि भाजपा और सपा में अंदरुनी साठगांठ है। दोनों पार्टियां जनता को छलने का काम कर रही हैं।
इस दौरान उन्होंने भाजपा, सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि भाजपा ने अच्छे दिनों का झांसा देकर जनता को ठगने का काम किया है। जब से मोदी सरकार सत्ता में आई है, तब से आम इंसान रोजी रोटी कमाने की बजाय लाइनों में लगा हुआ है।
कभी नोट बदलने, कभी आधार कार्ड बनवाने तो कभी जन धन खाते खुलवाने के लिए लोग लाइनों में लगे रहे। सत्ता में आने के बाद भाजपा लव जेहाद, घर वापसी, गोहत्या जैसे मुद्दों को उछालकर लोगों में नफरत बढ़ाने का काम कर रही है।
वेस्टर्न यूपी प्रभारी अतरसिंह राव ने कहा कि भाजपा, सपा और कांग्रेस राम से रहीम को लड़ाकर सत्ता का सुख भोगते आ रहे हैं, लेकिन अब जनता इनके बहकावे में आने वाली नहीं है। इस दौरान सिद्दीकी ने सर्वसमाज के लोगों से प्रशांत चौधरी को जिताने का आह्वान किया।
सम्मेलन की अध्यक्षता हाजी शफीक और संचालन भाईचारा मंडल कोऑर्डिेनेटर हाजी सबील ने किया। इस दौरान विधायक हेमलता बागपत, वहाब चौधरी मुरादनगर, हाजी अलीम बुलंदशहर, राकेश दीक्षित, बसपा प्रत्याशी प्रशांत चौधरी, पूर्व सांसद हाजी शाहिद अखलाक,
पूर्व विधायक हाजी शब्बन, सतेंद्र सोलंकी, सत्यवीर गुर्जर, प्रेम चंद्रा, गुड्डू प्रधान, नौजर अली, रिहान चौधरी, हाजी आरिफ, इसहाक चौधरी समेत हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदेश में आचार संहिता लागू होने का असर बसपा के भाईचारा सम्मेलन में साफ तौर पर दिखाई दिया। पार्टी नेताओं ने राष्ट्रीय महासचिव को चादर और चांदी का हाथी भेंट किया तो उन्होंने आचार संहिता का हवाला देते हुए लेने से इंकार कर दिया।
बसपा के भाईचारा सम्मेलन में उमड़ी भीड़ और सड़क किनारे वाहनों का तांता लगने से नेशनल हाईवे पर दोपहर 1.54 बजे से लेकर करीब तीन बजे जाम लग गया। हाईवे पर दोनों साइड वाहनों की कतार लग गई। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने सम्मेलन में बताया कि बहन जी के निर्देश पर आगामी लोकसभा चुनाव के लिए मेरठ सीट से पूर्व सांसद हाजी शाहिद अखलाक को प्रत्याशी घोषित किया गया है।