हापुड़। बदलते मौसम में प्रदूषण की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदूषण पर रोकथाम के लिए तीनों निकायों को उपकरण खरीदने होंगे। एंटी स्मॉग गन और स्वीपिंग मशीनों की खरीद होगी। वहीं पुरानी मशीनों की मरम्मत भी की करवाई जाएगी।
डीएम कविता मीना ने जिले के तीनों नगर निकायों को संसाधन बढ़ाने, सड़कों के किनारे इंटरलॉकिंग टाइल्स लगवाने व मरम्मत कराने, खुले में निर्माण न होने व सामग्री न लेकर जाने, सड़कों पर पानी के छिड़काव के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रदूषण की रोकथाम के लिए निकायों को एंटी स्मॉग गन और स्वीपिंग मशीन की खरीद करनी है।
शहर में प्रदूषण बढ़ने का एक कारण सड़कों और खुले स्थानों पर जमा धूल भी है। वाहनों की आवाजाही के दौरान यही धूल हवा में उड़कर वातावरण को प्रभावित करती है। इसे नियंत्रित करने के लिए नगर निकायों को सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए हैं।
खासकर, प्रमुख मार्गों और अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों में हर दिन पानी का छिड़काव कराया जाएगा। इसके अलावा पेड़-पौधे लगाने व उन पर पानी के छिड़काव के निर्देश दिए गए हैं।