बरात में आए थे 40 लोग
लड़की पक्ष के अनुसार 17 अक्तूबर को उनकी पुत्री की बरात गांव अठसैनी से गांव गोंदी आनी थी। रविवार की शाम को लाल खत व सगाई का कार्यक्रम था। गांव अठसैनी निवासी लड़का पक्ष अपने साथ करीब 40 लोगों को लेकर उनके गांव गोंदी में आयोजित सगाई समारोह में आए थे। लड़का पक्ष ने समारोह में मटन बिरयानी व मछली फ्राई की मांग की। समारोह में लड़का पक्ष दोनों व्यंजन न मिलने पर वह भड़क गया। इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद जमकर विवाद हो गया। विवाद की सूचना लड़की पक्ष ने पुलिस को दी।
लड़के वाले मांग रहे थे कार, लड़की वाले दे रहे थे बुलेट
विवाद की सूचना पर थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। लड़की पक्ष का आरोप था कि लड़का पक्ष उनसे सगाई में कार की मांग कर रहा था। जबकि वह सगाई में बुलेट दे रहे थे। लड़के पक्ष की नाजायज मांगों ने उन्हें परेशान कर रखा था। दोनों पक्षों में विवाद इतना बढ़ा कि जुड़ने से पहले ही दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से रिश्ता तोड़ दिया। रविवार की देर रात दोनों पक्षों में इसका समझौता भी हो गया था।
पुलिस का बयान
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया था। किसी भी पक्ष की तरफ से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई थी।