एसएसवी पीजी कॉलेज पर छात्रसंघ चुनाव का रंग चढ़ चुका है। ऐसे में चुनाव अधिकारी ने चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे प्रत्याशियों को सख्त हिदायत दी है कि अगर किसी ने प्रिंटिंग सामग्री से चुनाव प्रचार किया तो उसकी उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी। 23 नवंबर को होने वाले मतदान से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार बंद हो जाएगा।
चुनाव अधिकारी डॉ.सुधीर सिंह का कहना है कि लिंगदोह कमेटी के नियमों के अनुसार चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी चुनाव में किसी भी प्रकार की प्रिंटिंग सामग्री से प्रचार नहीं कर सकते हैं। अगर किसी ने नियमों का पालन नहीं किया और प्रिंटिग सामग्री से चुनाव प्रचार किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनकी उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी।
उनका कहना है कि कॉलेज में भी प्रचार करने के लिए जो जगह निर्धारित है उन पर भी सिर्फ हाथ से लिखे पोस्टर ही चिपकाए जा सकते हैं। ऐसा इसलिए किया गया है कि प्रत्याशियों के चुनाव में कम पैसे खर्च हो सकें और कालेज में शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न हो जाये।
उनका कहना है कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पद पर चुनाव लडने वाले समस्त प्रत्याशी 21 नवंबर तक प्रचार कर सकते हैं। इसके बाद किसी प्रत्याशी की प्रचार करने की शिकायत मिली तो कार्रवाई संभव है।
कॉलेज में मतदान 23 नवंबर की सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। इसके बाद उसी दिन 3 बजे से मतगणना होगी और नतीजे घोषित किए जाएंगे।
एसएसवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की नामांकन प्रक्रिया 19 नवंबर को पूरी हो गई। शुक्रवार की सुबह 9 बजे से नाम वापसी की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद इसी दिन शाम 4 बजे नामांकन करने वाले वैध प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित होगी।