हापुड़। चैनापुरी में बिजली की चोरी कर बर्तन पॉलिश की फैक्टरी चलाते पकड़े जाने पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस फैक्टरी में 11 किलोवाट की चोरी पकड़ी गई है। इसका जुर्माना करीब दस लाख रुपये बनने का दावा अधिकारी कर रहे हैं।
अधिशासी अभियंता सचिन द्विवेदी ने बताया कि पटना मुरादपुर बिजलीघर के अवर अभियंता बिजेंद्र कुमार सोमवार को चैनापुरी में राजस्व वसूली को लेकर अभियान चला रहे थे। इसी दौरान विद्युत पोल से बिजली की चोरी होती दिखी। केबिल की जांच की तो वह एक बर्तन पॉलिश करने वाली फैक्टरी में जाता दिखा।
बताया कि यह फैक्टरी शाबू पुत्र अब्दुल अजीज की है। फैक्टरी संचालक ने आठ किलोवाट का विद्युत कनेक्शन लिया हुआ था लेकिन अलग से तार डालकर 11 किलोवाट की बिजली चोरी की जा रही थी। बताया कि इस प्रकरण में करीब 80 हजार रुपये समन शुल्क और 9 लाख से अधिक जुर्माना बनेगा। संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।