हापुड़। जिले में रिक्त चल रहे दो ग्राम प्रधानों और 11 सदस्यों के लिए छह अगस्त को चुनाव होगा। जबकि, आठ अगस्त काे मतगणना होगी। फरीदपुर सिंभावली व रघुनाथपुर चंदपुरा में प्रधान पद के रिक्त पद पर उप चुनाव होगा। इसके लिए डीएम प्रेरणा शर्मा ने अधिसूचना जारी कर दी है।
डीएम प्रेरणा शर्मा ने बताया कि जनपद में स्थित उन ग्राम पंचायतों के प्रधान एवं सदस्यों के पदों पर उप चुनाव हो रहा है, जो आकस्मिक रूप से रिक्त स्थानों, पदों और न्यायालय के स्थगनादेश से बाधित न हो पर, उप निर्वाचन होगा। इसके लिए 22 जुलाई तक सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक नाम निर्देशन पत्रों को जमा करने का अंतिम दिन व समय रहेगा। 23 को नामांकन पत्रों की जांच होगी, 24 को उम्मीदवारी वापस सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक, 24 को ही प्रतीक आवंटित होंगे, छह अगस्त को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान और आठ अगस्त को सुबह आठ बजे से मतगणना होगी। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों का विक्रय, नामांकन पत्र दाखिल करने, उनकी जांच करने, उम्मीदवारी वापस लेने, प्रतीक आवंटन व मतगणना का कार्य संबंधित विकास खंड मुख्यालय पर होगा। परिणाम की घोषणा भी संबंधित विकास खंड मुख्यालय पर ही की जाएगी। साथ ही नामांकन पत्रों की बिक्री विकास खंड मुख्यालय पर 18 जुलाई 2024 से प्रारंभ होगी। उन्होंने बताया कि संबंधित निर्वाचन अधिकारी पंचायत संबंधित विकास खंड की ग्राम पंचायतों के प्रधान एवं सदस्यों के रिक्त स्थानों व पदों पर उप निर्वाचन का पूर्ण विवरण 18 जुलाई को सार्वजनिक सूचना निर्गत करेंगे।
इन गांवों में सदस्यों के लिए होगा उपचुनाव
डीपीआरओ शिव बिहारी शुक्ला ने बताया कि दरियापुर, मोहम्मदपुर खुड़लिया, सांवी हिमांयूपुर, चक्रसैनपुर उर्फ बाबूगढ़, उपैड़ा, खिलवाई, हसूपुर, लठीरा, शेरपुर, गडावली के वार्ड संख्या चार व छह के लिए उप चुनाव कराया जाएगा। रघुनाथपुर चंदपुरा की प्रधान ज्योति ने त्याग-पत्र दिया था। जबकि, शेष अन्य की मृत्यु के कारण उपचुनाव हो रहा है।