हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित पीएनबी बैंक के बाहर एक ठग ने पेंशन बनवाने के नाम पर एक बुजुर्ग महिला से 15500 रुपये की ठगी कर ली। इसके बाद आरोपी ठग मौके से फरार हो गया। ठगी की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी ठग की पहचान कर रही है।
मोहल्ला आर्यनगर निवासी बुजुर्ग महिला करुणा शर्मा मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे बैंक से रुपये निकालने गई थीं। बैंक के अंदर बैठे एक युवक से उन्होंने रुपये निकालने का बाउचर भरवाया था। इस दौरान युवक ने उन्हें पेंशन बनवाने का झांसा देकर अपनी बातों में उलझा लिया। इसके बाद उन्होंने बैंक से 15500 रुपये निकाले। युवक बातें करते हुए उन्हेंं बैंक के बाहर तक ले आया और उनसे 15500 रुपये ठग लिए और यहां से फरार हो गया। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उनसे पूछताछ कर मामले की जांच पड़ताल की। इसके बाद पुलिस टीम ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। कैमरों की मदद से पुलिस ठग की पहचान कर रही है।
सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। सीसीटीवी के आधार पर उसकी पहचान की जा रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।