ब्रजघाट में गंगा स्नान के दौरान एक 75 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान चंद्रहास गर्ग निवासी ब्रह्मनान, खारीपूरा, हापुड़ के रूप में हुई है। सोमवार को चंद्रहास गर्ग अपने पोते हर्षित के साथ गंगा स्नान के लिए ब्रजघाट आए थे। पोते हर्षित ने बताया कि स्नान के दौरान अचानक उनके दादा की तबीयत बिगड़ गई। पहले तो उन्हें चक्कर आया, जिसके बाद वह बेहोश होकर गिर पड़े।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और परिजनों की मदद से नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते कुछ ही देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक या अत्यधिक कमजोरी माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।