भाई के साथ गई थी मछलियों की गोली बेचने
पुलिस के अनुसार शीतल (8) पुत्री हेतराम निवासी कुष्ठ आश्रम ब्रजघाट, अपने भाई दीपचंद के साथ गंगा घाट पर श्रद्धालुओं को मछलियों की गोली (दाना) बेचने आई थी। घाट पर खड़ी नावों से उतरने के दौरान संतुलन बिगड़ने से बच्ची अचानक गंगा नदी में जा गिरी और तेज बहाव में लापता हो गई।
पुलिस ने खंगाला सीसीटीवी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि बच्ची नाव से उतरते समय फिसलकर सीधे गंगा में गिर गई थी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल गोताखोरों को बुलाकर सर्च अभियान शुरू कराया। देर शाम तक गोताखोर गंगा में बच्ची की तलाश करते रहे।
सुरक्षा बढ़ाने की मांग
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घाट पर मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया। स्थानीय लोगों ने घाटों पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने व बच्चों की आवाजाही पर निगरानी रखने की मांग की है। सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि पुलिस और गोताखोरों द्वारा बच्ची की खोज के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। सीसीटीवी फुटैज से स्पष्ट हो रहा है, नाव से बच्ची गंगा में गिरी है।