हादसा देख पास में ही दूसरी मोटर बोट में बैठे नाविक अरुण निषाद, पूरम, अंकित, बंटी व अभिषेक मौके पर पहुंचे और गंगा में छलांग लगाकर पांचों को गहरे पानी से निकाला।
हरियाणा के झज्जर जिले के गांव झांडली निवासी महिला की अस्थि विसर्जन करने ब्रजघाट पहुंचे दो बेटों सहित परिवार के पांच लोगों से भरी नाव पुल से टकराकर गंगा में पलट गई। आसपास के नाविक तुरंत मौके पर पहुंचे और गंगा में कूदकर पांचों को बाहर निकाला। घटना के बाद से पांचों सदमे में हैं।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, गांव झांडली निवासी प्रेमदेवी पत्नी महेंद्र की पिछले दिनों मौत हो गई थी। शुक्रवार को प्रेमदेवी की अस्थि विसर्जन करने उनके दो बेटे सुनील व रमेश, भतीजे आजाद व जयदीप और पोता विकास ब्रजघाट पहुंचे। सुबह पूजा-अर्चना के बाद पांचों एक मोटर बोट में अस्थि विसर्जन करने के लिए बैठ गए। कुछ ही दूरी पर पानी के तेज बहाव के कारण मोटर बोट गंगा पुल से जाकर टकरा गई। पुल से टकराने के कारण बोट क्षतिग्रस्त होकर गंगा में पलट गई।
हादसा देख पास में ही दूसरी राफ्टिंग मोटर बोट में बैठे नाविक अरुण निषाद, पूरम, अंकित, बंटी व अभिषेक मौके पर पहुंचे और गंगा में छलांग लगाकर पांचों को गहरे पानी से निकाला। यदि चंद मिनट और देरी होती तो सभी पानी के तेज बहाव में बह जाते। हादसे के बाद सभी को गंगा से बाहर निकालकर तट पर पहुंचाया गया। सभी की जान बचने से लोगों ने राहत की सांस ली।