गढ़मुक्तेश्वर। पड़ोसी जनपद अमरोहा के बाद अब गढ़ क्षेत्र के गांव हिरनपुरा और अक्खापुर क्षेत्र में ड्रोन ने दहशत फैला दी है। रात में ड्रोन उड़ाए जा रहे हैं। इन्हें कौन उड़ा रहा है और इसके पीछे क्या मकसद है, इससे अब तक पर्दा नहीं उठ पाया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है।
तहसील क्षेत्र के गांवों में रहने वाले लोग कभी तेंदुए की दहशत से परेशान है तो कभी चोरी की घटनाओं की वजह से रात में सो नहीं पाते हैं। अब ड्रोन नई मुसीबत बनकर सामने आया है। ड्रोन उड़ने का यह मामला सबसे पहले अमरोहा के रजबपुर थाना क्षेत्र में सामने आया था, लेकिन अब क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात को लोगों ने ड्रोन देखकर शोर मचा दिया। लोगों का कहना है कि ड्रोन बदमाशों ने उड़ाए थे या किसी और ने, अब तक इस रहस्य से पर्दा नहीं उठ पाया है। रात में ड्रोन उड़ने की घटना को देखकर ग्रामीणों उसका वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के साथ गन्ने के खेत और नलकूपों पर जाकर ड्रोन की तलाश की, लेकिन ड्रोन उड़ाने वाले नहीं मिल पाया हैं। वहीं ड्रोन उड़ने की दहशत में लोग अपने। बच्चों और महिलाओं को कमरों के अंदर सुला रहे हैं। खुद छत पर रातभर पहरेदारी करने के लिए मजबूर हो गए हैं।
कोट -
रात में सूचना मिली थी कि ड्रोन को उड़ाया जा रहा है। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने जांच की थी, लेकिन कुछ नहीं मिला है। वीडियो में भी स्पष्ट नहीं हो है कि ड्रोन है या क्या है। मामले की जांच कराई जा रही है।- वरुण मिश्रा सीओ