सिंभावली। गांव रतूपुरा में सोमवार की देर शाम घर के बाहर खड़ी बच्ची पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बच्ची को गंभीर हालत में दिल्ली के लिए रेफर कर दिया है। जहां अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। वहीं, स्थानीय लोगों ने आवारा कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है।
रतूपुरा निवासी मतीन ने बताया कि सोमवार की देर शाम वह घरेलू सामान लेने के लिए पास में ही दुकान पर गए थे। इसी बीच उनकी दो साल की बेटी माईरा भी गेट खुला होने पर घर से बाहर निकल गई। बच्ची को गली में घूम रहे आवारा कुत्तों ने घेर लिया। कुत्तों ने हमला कर उसके पेट, गले, हाथ और अन्य अंगों पर काटा। इससे वह बुरी तरह घायल हो गई। बच्ची के चीखने की आवाज सुनकर घर में मौजूद परिजन वहां पहुंचे। उन्होंने कुत्तों को भगा कर बच्ची को बचाया। लहूलुहान हालत में उन्होंने बच्ची को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सक ने उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद दिल्ली के लिए रेफर कर दिया है। मतीन ने बताया कि दिल्ली के अस्पताल में बच्ची का उपचार चल रहा है। उनका कहना है कि प्रशासनिक स्तर से आवारा कुत्तों को पकड़वाने के लिए अभियान चलाया जाना चाहिए।