सरकारी अस्पतालों में तैनात डॉक्टरों को अब हर महीने किए कार्यों का लेखा जोखा तैयार करना होगा। सीएमओ प्रत्येक महीने के कार्यों की समीक्षा करेंगे। समीक्षा के दौरान लापरवाही सामने आई तो संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ का दो टूक कहना है कि निर्देश जारी कर दिए गए हैं, लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले की सीएचसी/पीएचसी में तैनात डॉक्टर अक्सर मरीजों के इलाज में लापरवाही बरतते हैं।
कार्य दिवस में बिना सूचना के गैरहाजिर रहते हैं। पर अब डॉक्टरों को रोजाना का कार्य रजिस्टर में दर्ज करना होगा। समय-समय पर उनके रजिस्टरों की जांच भी की जाएगी। सीएमओ हर महीने उनके कार्यों की समीक्षा करेंगे।
समीक्षा के दौरान चिकित्सक की ओर से गलत सूचना दिए जाने या मरीजों के इलाज में लापरवाही बरतने की शिकायत की पुष्टि होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में चिकित्सकों को निर्देश दिए जा चुके हैं।
सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि हर महीने चिकित्सकों के कार्यों की समीक्षा करेंगे। कार्य के प्रति लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक कार्य दिवस के लेखा जोखा में लापरवाही बरतने पर संबंधित चिकित्सकों पर कार्रवाई होगी।