हापुड़। डीएम अभिषेक पांडेय ने शुक्रवार की रात रेलवे स्टेशन के नजदीक रैन बसेरे का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां एक बच्चे का केट काटकर जन्मदिन मनाया गया।
शुक्रवार की रात डीएम ने रैन बसेरों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद निराश्रित लोगों को करीब 10 कंबलों का वितरण किया। मौके पर ही कुछ बच्चे एक साथ खेल रहे थे। एक बच्चे के हाथ में केक देखकर डीएम ने पूछा कि क्या हुआ, तो नौ वर्षीय सद्दाम ने बताया कि आज उसका जन्मदिन है। उसके साथी केक खाने के लिए पीछे भाग रहे हैं। इस पर डीएम ने वहीं पर एक टेबल लगवाई और बच्चे के पास मौजूद केक को सभी अधिकारियों के साथ मिलकर काटा। सभी ने केक खाया और बच्चे को उपहार भी दिए। डीएम ने परिवार से कहा कि यदि किसी प्रकार की कोई सरकारी मदद चाहिए तो उनके पास कार्यालय में आकर मिलें। बच्चों से श्रम न कराकर उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित करें। वहीं, रैन बसेरे का निरीक्षण कर कहा कि यहां आने वालों का रिकॉर्ड रखा जाए। रजाई, गद्दों के अलावा सुरक्षा के इंतजाम भी रहें।
मौके पर एसडीएम ईला प्रकाश, ईओ संजय कुमार मिश्रा, राजस्व निरीक्षक सुनील सिंह, कपिल मुंजाल आदि मौजूद रहे।