हापुड़। दिवाली का त्योहार सोमवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर से लेकर गांव तक दीयों और बिजली झालरों की झिलमिल रोशनी से नहा उठे। घरों और दुकानों में विधि विधान से देवी लक्ष्मी व भगवान गणेश की आराधना कर लोगों ने सुखमय जीवन की कामना की। लोगों ने एक दूसरे को उपहार और मिठाई देकर दिवाली की शुभकामनाएं दी और देर रात तक आतिशबाजी होती रही।
विज्ञापन
दिवाली पर सुबह से ही लोगों ने मिठाई के साथ एक दूसरे को शुभकामनाएं दीं। लोगों ने अपने घरों में सजावट कर चार चांद लगा दिए। शाम को शुभ मुहूर्त में घरों और दुकानों में देवी लक्ष्मी और भगवान गणेश की श्रद्धा भक्ति के साथ विधान से पूजा की गई। पूजा-अर्चना के बाद घरों के साथ ही गलियों और पड़ोसियों के यहां दीयों को रखा गया। इसके बाद देर रात तक आतिशबाजी की गई। जहां छोटे बच्चे फूलझड़ी जलाने में लगे रहे। वहीं युवाओं ने चरखी, चटाई बम व राकेट छोड़कर आनंद लिया। देर रात तक आतिशबाजी का सिलसिला जारी रहा।