पिलखुवा में दुकानदारों ने सड़क तक फैलाया अतिक्रमण।संवाद
पिलखुवा। कोतवाली के सामने ही अतिक्रमण की तस्वीर व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। सार्वजनिक नाले को ढककर स्थायी निर्माण कर लिया गया है, जबकि कई दुकानदार सड़क तक सामान सजाकर कारोबार कर रहे हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। अतिक्रमण का आलम इस हद तक है कि अतिक्रमण के कारण बाजारों में हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। यही वजह है कि लोग बाजार में आने से कतराने लगे हैं और मजबूरी में ही बाजार आते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पहले ही संकरी है। उस पर नाले के ऊपर निर्माण और सड़क तक फैले सामान ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। दिनभर यहां वाहनों की लंबी कतारें लगती हैं और पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बाद भी अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी अभियान नहीं चलाया गया। सबसे अधिक सवाल इस बात पर उठ रहे हैं कि कोतवाली के ठीक सामने सार्वजनिक भूमि पर कब्जा होने के बावजूद अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई। लोगों ने नगर पालिका से नाले को अतिक्रमण मुक्त कराने और सड़क पर फैले सामान को हटाने की मांग की है, ताकि यातायात व्यवस्था सामान्य हो सके।
दुकानदारों के इस अतिक्रमण के कारण लोग बाजार जाने से बेहतर आनलाइन शापिंग करना पसंद करते हैं। जिसके चलते बाजारों से ग्राहकों की संख्या भी कम होती जा रही है। ईओ इंद्रपाल सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी लेकर स्थल का निरीक्षण कराया जाएगा। यदि नाले या सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण पाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे हटाया जाएगा।