हापुड़। बढ़ती गर्मी के कारण डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। इस कारण जिले के सरकारी अस्पतालों में हर दिन भर्ती होने वाले मरीजों को ग्लूकोज लगाई जा रही है। वहीं, पेट का संक्रमण बढ़ने के बाद फार्मेसी में एंटीबॉयोटिक बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला अस्पताल और सीएचसी की ओपीडी में पिछले आठ दिनों में बढ़े तापमान के कारण डिहाइड्रेशन के मरीज भी बढ़े हैं। जहां पहले दिन में 15 से 20 मरीज पहुंच रहे थे। वहीं, अब इनकी संख्या बढ़कर 80 के आसपास पहुंच गई है।
वहीं, तेज धूप से भी लोगों की सेहत बिगड़ रही है। निजी से लेकर सरकारी अस्पतालों में डायरिया के मरीज पहुंचने लगे हैं। चिकित्सक इन मरीजों को दवा के साथ-साथ गर्मी से बचाव व ज्यादा पानी पीने की सलाह दे रहे हैं।
शनिवार को जिला अस्पताल और सीएचसी की ओपीडी में करीब 90 मरीज पहुंचे। सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. अशरफ ने बताया कि मरीज शुद्ध पानी पीएं। अच्छी तरह से पका हुआ भोजन खाएं। चाय, कॉफी, चॉकलेट आदि के सेवन से बचें और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें।
सीएमओ डॉ. वेदप्रकाश अग्रवाल का कहना है कि इन दिनों मरीजों में डायरिया, बुखार और पेट के संक्रमण की शिकायत है। जरूरत पड़ने पर मरीजों को भर्ती करके उन्हें ग्लूकोज लगाई जा रही है।