हापुड़। मंगलवार को धनतेरस पर शहर के बाजार गुलजार रहे। सुबह से ही बाजारों में भीड़ उमड़ पड़ी। किसी ने सोने-चांदी की खरीदारी की, कोई अपना पसंदीदा वाहन घर लेकर गया। बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक, कपड़ों, सजावट के सामान की खरीदारी की। पंच उत्सव के पहले दिन 35 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार का अनुमान है।
शहर के कसेरठ बाजार, सराफा बाजार, गोल मार्केट, कोठी गेट, चंडी रोड, पक्का बाग, रेलवे रोड, स्वर्ग आश्रम रोड, आवास विकास कालोनी सहित प्रमुख बाजारों में दिनभर खरीदारों की भीड़ लगी रही। कसेरठ बाजार में स्टील, पीतल, तांबे के बर्तनों की खरीदारी की। डिजाइनर बर्तनों के साथ नए नए डिजाइन के किचन के सामान की मांग अधिक रही।
20 करोड़ रुपये के बिके वाहन
धनतेरस पर वाहनों की खरीदारी के लिए लोगों ने कई दिन पहले से ही अपने पसंदीदा वाहनों को घर ले जाने के लिए एडवांस बुकिंग करा ली दी। मंगलवार को वाहनों की डिलीवरी की गई। शहरभर में 500 से अधिक दोपहिया वाहन व 100 से अधिक कारों की बिक्री हुई, जिससे ऑटोमोबाइल सेक्टर में करीब 20 करोड़ रुपये का कारोबार का अनुमान है। टीवीएस शोरूम के चेयरमैन आशीष त्यागी ने बताया कि मंगलवार को 65 वाहनों की डिलीवरी हुई है। बुधवार को भी वाहनों की डिलीवरी होगी। वही बजाज शोरूम के मैनेजर राजेश सलूजा ने बताया कि मंगलवार को 100 वाहनों की डिलीवरी हुई। वहीं बुधवार को इससे ज्यादा वाहनों की डिलीवरी होने की उम्मीद है।
सराफा बाजार में दो करोड़ का कारोबार
धनतेसर पर सराफा बाजार में दिनभर भीड़ उमड़ी रही। सबसे अधिक मांग चांदी के सिक्कों की रही। वहीं चांदी के गणेश-लक्ष्मी प्रतिमा, दीपक, बर्तनों की भी खूब खरीदारी हुई। इसके साथ ही बाजार में सोने के सिक्कों के साथ गहने भी बिके। हापुड़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि बाजार में दो करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ। बुधवार को भी अच्छे व्यापार की उम्मीद है।
स्मार्ट टीवी, वाशिंग मशीन भी खूब बिके-
इलेक्ट्रॉनिक बाजार में भी धनतेरस पर रौनक रही। शोरूम सजाए गए और स्मार्ट टीवी, वाशिंग मशीन, माइक्रोओवन, मिक्सी लोगों को खूब पसंद आए और खरीदारी की गई। लोगों ने अपने मनपसंद फोन की भी खरीदारी की। वहीं घरों को सजाने के लिए झूमर, रंग-बिरंगी लाइटों की भी जमकर खरीदारी की गई।
आज भी बरसेगी लक्ष्मी की कृपा
बुधवार को भी धनतेरस की खरीदारी होगी। इसके लिए सराफा, बर्तन, इलेक्ट्रोनिक, ऑटोमोबाइल कारोबारी तैयार हैं। इसके लिए शोरूम और दुकानों को सजाया गया है। मंगलवार के मुकाबले बुधवार को बाजारों में खरीदारों की अधिक भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।
दिनभर रही जाम की स्थिति
धनतेरस के दौरान मंगलवार को सुबह से ही बाजार गुलजार हो गए थे। सुबह से लोगों की भीड़ बाजार में उमड़नी शुरू हाे गई। जिसे देखते पूरे दिन बाजारों में जाम की स्थिति रही। वाहनों का दबाव बढ़ने से मुख्य सड़कों पर भी जाम रहा।