गढ़ रोड पर जलतीं फैंसी लाइटें। संवाद
हापुड़। नगर के दिल्ली-गढ़ रोड पर लगी फैंसी लाइटों का ट्रायल शुरू हो गया है। पहले चरण में मंगलवार की रात तहसील चौराहे तक यह लाइटें जलीं तो सड़कें जगमग हो गईं और मार्गों की सुंदरता बढ़ गई। अब इन लाइटों को शहर के अन्य इलाकों में लगाने की मांग भी जनप्रतिनिधि और अन्य लोग कर रहे हैं।
तत्कालीन डीएम अभिषेक पांडेय के आदेश पर पालिका ने करीब ढ़ाई करोड़ रुपये से फैंसी लाइटों की खरीद की थी। देवनंदिनी अस्पताल से लेकर एसएसवी कॉलेज तक यह लाइटें सड़क किनारे लगाई गई हैं। मुरादाबाद नगर निगम की तर्ज पर शहर में लगी इन लाइटों का तीन दिवसीय ट्रायल मंगलवार से शुरू हुआ है। पहले चरण में देवनंदिनी अस्पताल से लेकर तहसील चौपला तक लाइटें जलवाकर देखी गई हैं। इनका तीन दिन का ट्रायल होगा, जबकि बृहस्पतिवार से तहसील चौराहा से लेकर एसएसवी कॉलेज तक ट्रायल शुरू होगा।
बता दें कि मंगलवार को जब लाइटें चालू करके देखी गईं तो सड़कों से गुजर रहे लोगों ने लाइटों की तारीख की। वहीं, विधायक विजयपाल आढ़ती सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने- अपने क्षेत्रों के मुख्य मार्गों पर भी लाइटों को लगवाने की बात कही है। हालांकि, पालिका के अधिकारियों ने अभी बजट न होने की बात कही है।
मामले में अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा का कहना है कि अभी फैंसी लाइटों का ट्रायल शुरू हुआ है। लाइटें लगने से शहर के मार्गों की सुंदरता बढ़ी है।